अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। सदर थाना के अंतर्गत होटल हमीर स्थित पेट्रोल पंप चौक में दो स्कूटियों की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों स्कूटी सवार घायल हो गए। स्कूटी सवारों में एक युवक और दूसरी युवती है। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। शनिवार दोपहर बाद करीब पौने एक बजे पेट्रोल पंप चौक पर दो स्कूटियों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में अनुरुधिका (19) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी हमीरपुर और विक्की (30) निवासी पंजाब घायल हो गए। हादसे में दोनों स्कूटियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद दोनों को 108 एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर ले जाया गया। यहां दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया। थाना प्रभारी सदर कुलदीप कुमार का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है।