राठ। बैंक से रुपये निकालकर गांव जा रहे किसान की जेबकतरे ने जेब काटकर 50 हजार रुपये पारकर दिए। जब किसान को जानकारी हुई, तब जेबकतरा टैक्सी से कूदकर साथियों संग बाइक पर बैठकर भाग निकला। पीड़ित ने भांजी की शादी में दहेज का सामान खरीदने को रुपये निकाले थे। किसान ने कोतवाली में अज्ञात टप्पेबाज के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के अमगांव निवासी घनश्याम अनुरागी पुत्र हरीदास ने बताया कि शुक्रवार दोपहर कस्बे की एक बैंक शाखा से 50 हजार रुपये निकाले। गांव जाने के लिए उरई बस स्टैंड से टैक्सी पर सवार होकर गांव चला, तभी उरई मार्ग पेट्रोल पंप के पास आटो में पहले से सवार युवक ने जेब काटकर उसमें पड़े 50 हजार रुपये पार कर दिए। कटी जेब देख लोगों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पहले से साथ चल रहे बाइक सवार साथियों के साथ टैक्सी से कूदने के बाद बैठकर भाग निकला।
किसान ने बताया कि आगामी 21 अप्रैल को बड़ागांव निवासी उसकी भांजी का विवाह है। भांजी के विवाह में दहेज खरीदने के लिए उसने बैंक से पैसे निकाले थे। कोतवाली प्रभारी मनोज शुक्ला ने बताया कि पेट्रोल पंप में लगे सीसी कैमरों के जरिए टप्पेबाज की पहचान करने का प्रयास जारी है। शीघ्र ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।
भांजी की शादी के लिए दहेज का सामान खरीदने को निकाले थे रुपये
अमर उजाला ब्यूरो