खेतीबाड़ी का काम न करने पर गांव के कुछ लोगों ने एक युवक को जमकर पीटा। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। इससे आहत युवक ने घर के पीछे बने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। पिता ने छह लोगों के खिलाफ गैर इरादत हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जरिया थाने के वीरा गांव निवासी मुन्नी लाल श्रीवास्तव ने बताया कि गांव के कुछ लोग उसके पुत्र कमलेश श्रीवास्तव (16) से खेतीबाड़ी का काम करवाते थे। दो दिन पहले उसके पुत्र ने काम करने से इंकार कर दिया था। बताया कि बुधवार की शाम गांव के हल्के लोधी, मनोज, जितेंद्र, जगत, रामकिशन और शंकर ने उसके बेटे को जमकर मारापीटा।
रात में जब वह आरोपियों के यहां उलाहना देने गया तो उन लोगों ने उसे धमकी दी। इससे उसका पुत्र आहत हो गया। गुरुवार की सुबह करीब छह बजे घर के पीछे बने कुएं में उसका पुत्र कूद गया। काफी देर बाद जब ग्रामीणों ने देखा तो हड़कंप मच गया। उसे सीएचसी ले गए।
जहां से झांसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पिता ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष रामजीत गौड़ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मारपीट व धमकी से आहत किशोर ने कुएं में कूद दी जान
बुधवार को खेतीबाड़ी का काम न करने पर आरोपियों ने पीटा था