अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के तहत टिक्कर गांव की रीना (28) ने गलती से जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी तबीयत बिगड़ी तो नादौन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा। रीना के पति देविंद्र कुमार का कहना है कि सोमवार को जब घर पर उसकी पत्नी अकेली थी, तब उसने गेहूं में डालने वाली जहरीली दवाई खा ली। जब इसका पता तो महिला के सास-ससुर ने घर पहुंच कर देखा कि महिला की तबीयत खराब हो गई है। महिला के सास-ससुर ने उसे आसपास के लोगों की मदद से नादौन अस्पताल पहुंचाया। रीना का विवाह देविंद्र के साथ सात साल पहले हुआ था। उनके दो बेटे हैं। नादौन अस्पताल में रीना का उपचार करने वाले डॉ. अमन ने बताया कि रीना की गंभीर हालत को देख टांडा रेफर किया है। अतिरिक्त थाना प्रभारी नादौन राजेश कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।