हमीरपुर। पुराने मामले में राजीनामा का दबाव बनाते हुए भाजपा कार्यकर्ता के घर में घुसकर ब्लाक प्रमुख व उसके करीबियों ने फायरिंग व मारपीट की। इस घटना से कार्यकर्ता का परिवार दहशत में है। पीड़ित की सुरक्षा को लेकर सीओ सदर ने दो सिपाहियों की रात में उसके घर पर ड्यूटी लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता राजेश निषाद पिटाई से जख्मी है। उसने बताया विकास संबंधी शिकायत करने से नाराज सपा ब्लाक प्रमुख जयनरायन यादव ने उस पर कहर बरपाया है। चार अगस्त को टिकरौली गांव के पास से उसका अपहरण कर मारापीटा था। अभी भी उसकी हालत में सुधार नहीं है।
इसके बाद शनिवार रात 11 बजे दोबारा ब्लाक प्रमुख जयनरायन यादव, उसके भाई राजनरायन यादव व तीन साथियों श्यामबाबू, नाथूराम और अजीत घर पर आ धमके और राजीनामा का दबाव बनाकर परिवार के लोगों को पीटा।
जान से मारने की नियत से फायर किया। फायर व रोने चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों ने ललकारा तो आरोपी भाग गए। अब सुरक्षा की दृष्टि से सीओ सदर ने दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। कहा 23 दिन गुजरने के बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
कोतवाल शैल कुमार सिंह ने बताया कि पहले हुई घटना में एक आरेापी शिवनारायन यादव को पकड़ कर जेल भेजा जा चुका है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घर में घुसकर ब्लाक प्रमुख के हमला करने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो