अमर उजाला ब्यूरो
नादौन(हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत मानपुल पर एक अनियंत्रित ट्राला आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसा है। हादसे में ट्राला में सवार दो लोग बच गए हैं लेकिन ट्राला क्षतिग्रस्त है। हादसे के बाद एनएच-70 पर जाम लग गया। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार दोपहर बाद एक ट्रक मानपुल से नादौन की तरफ जा रहा था। ट्रक के पीछे तेज गति में ट्राला आया। ट्राला चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके चलते ट्राला सीधा ट्रक के पीछे जा टकराया। हादसे में ट्राला काफी क्षतिग्रस्त हो गया जबकि ट्राला चालक और एक अन्य सवार बाल-बाल बच गए। एनएच-70 करीब आधा घंटा तक अवरुद्ध रहा। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोनों पक्षों की सहमति के बाद मामला शांत हो गया। वाहनों को एनएच से हटाया गया, तब एनएच पर यातायात बहाल हुआ। थाना प्रभारी नादौन सतीश कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों में सहमति के चलते मामला दर्ज नहीं हुआ है।