अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के तहत भूंपल में जमीन विवाद पर दो परिवारों के बीच झगड़े में एक ही परिवार के छह लोगों सहित कुल आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार नादौन अस्पताल में चल रहा है। पुलिस को दिए बयान में केहर सिंह निवासी भूंपल ने कहा है कि सोमवार सुबह जब वह अपनी जमीन में एक पेड़ की टहनियां काट रहा था तो उनके ही गांव के मेला राम और उसकी पत्नी रजनी के साथ उनके करीब आधा दर्जन परिजनों ने दराट और डंडों से अचानक केहर सिंह और परिजनों पर हमला कर दिया। केहर सिंह ने बताया कि इस हमले में उसकी 85 वर्षीय वृद्ध माता प्रेमी देवी के अलावा परिवार की चार अन्य महिलाएं बुरी तरह से जख्मी हो गईं। उन्होंने बताया कि उनके परिवार की आरती, सुमन, अनीता व स्वर्णलता को गंभीर चोटें आई हैं। दूसरी ओर मेला राम पुत्र ब्रह्म दास का कहना है कि सोमवार सुबह जब उसकी पत्नी रजनी ने केहर सिंह को दो खेतों की सीमा पर लगे पेड़ से टहनियां काटने से मना किया तो केहर सिंह के परिजनों ने गालीगलौच कर अचानक उसके परिजनों पर हमला कर दिया। अतिरिक्त थाना प्रभारी नादौन राजेश कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर घायलों का मेडिकल करवा लिया है। उनका कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।