अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत बड़ा कस्बे में एक ज्वेलर को सम्मोहन कर लाखों के गहने ठगने के तीन आरोपियों को पुलिस ने होशियारपुर से गिरफ्तार किया। तीनों को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय ने पांच-पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया है। सम्मोहन कर ठगी करने वाले गिरोह में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। महिलाओं में शोभा और रीना और पुरुष सागर शामिल है। चोर गिरोह के सभी सदस्य गुजरात के निवासी है। काफी समय से होशियारपुर में रहकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। तीनों बड़ी शातिर अंदाज में सम्मोहन कर ज्वेलरों को सोना और चांदी दोगुना करने का लालच देकर ज्वेलरी की ठगी करते थे। बीते माह नादौन के बड़ा कस्बे में ज्वेलर पंकज और उसकी मां को सम्मोहन कर लाखों के गहने ले गए थे। इसकी शिकायत पंकज ने पुलिस थाना नादौन में की। शिकायत पर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने शनिवार को होशियारपुर से ठगी के गिरोह को पकड़ा। बड़ा के बाद आरोपी कांगड़ा के हरिपुर में भी सम्मोहन से ठगी करने की कोशिश कर चुके हैं। तीनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट ने पांच-पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। एसपी रमन कुमार का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर ले लिया है। आरोपियों से गहनों के बारे में पूछताछ की जाएगी।