अमर उजाला ब्यूरो
भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत बस्सी के पास एचटी लाइन की मरम्मत में लगे चार बिजली कर्मचारी करंट की चपेट में आ गए। करंट से लाइनमैन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य टीमेट गंभीर घायल हैं। इनमें से एक को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय असपताल हमीरपुर रेफर कर दिया है जबकि दूसरा पीजीआई रेफर किया है। हादसे में चौथा कर्मचारी मामूली चोटों के साथ बाल-बाल बच गया। उसे सीएचसी भोरंज में प्राथमिक उपचार दिया गया। डिडवीं टिक्कर से बस्सी एचटी लाइन बारिश और तूफान के चलते मंगलवार को बंद हो गई थी। लाइन दुरुस्त करने के लिए बुधवार सुबह करीब 10 बजे लाइनमैन सुरेंद्र कुमार, टीमेट गौरव, लवली और रमेश चंद बस्सी पहुंचे। जैसे ही टीमेट गौरव और लवली टूटे बिजली तार को जोड़ने के लिए पोल पर चढ़े। लाइनमैन ने दोनों टीमेटों को पोल पर चढ़ाने के लिए सीढी पकड़ी। जैसे ही दोनों टीमेट पोल पर चढ़े तो अचानक पोल पर दोनों कर्मचारियों को करंट का झटका लगा जिससे दोनों बुरी तरह झुलस गए। इस दौरान टीमेट लवली (24) पुत्र नथाराम निवासी दलालड़ को रस्सी के सहारे नीचे उतारा जबकि दूसरा टीमेट गौरव (25) पुत्र मुल्खराज निवासी चंद्रवाड़ पोल से नीचे गिर गया। वहीं सीढ़ी पकड़े लाइनमैन सुरेंद्र कुमार (55) पुत्र रामचंद निवासी गलोह, बड़सर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीसरे टीमेट रमेश चंद (55) पुत्र गद्दी राम निवासी बौहणी को मामूली चोटें आई हैं। हादसे में कर्मचारियों की चीखे सुनकर आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी भोरंज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने लाइनमैन सुरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं टीमेट गौरव को जिला अस्पताल और लवली को क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया। लवली का क्षेत्रीय अस्पताल में उपचाराधीन है जबकि गौरव टांडा से पीजीआई रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। बिजली उपमंडल भोरंज के एसडीओ कमलजीत का कहना है कि यह लाइन उपमंडल लंबलू के अधीन है। उन्होंने मंगलवार दोपहर बाद 2:35 बजे से लाइन बंद करने का परमिट लिया था। इसके चलते लाइन को बंद किया गया था। एसडीओ लंबलू सुरेश कपूर का कहना है कि मामले की जांच के लिए जल्द ही कमेटी बिठाई जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। एसएचओ भोरंज सीआर चौधरी का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।