अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या) नादौन की छात्राओं ने एचआरटीसी बस परिचालक पर गलियां और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया था। इस मामले की शिकायत छात्राओं ने स्कूल प्रधानाचार्य से की थी। प्रधानाचार्य ने इसकी शिकायत पुलिस थाना नादौन में की। शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो परिचालक ने माफी मांग जान छुड़ाने में ही समझदारी समझी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद मामला पुलिस के पास दर्ज नहीं हो पाया। बीते सप्ताह स्कूल की छात्राओं ने प्रधानाचार्य से शिकायत की थी कि जिस बस में छुट्टी के बाद घर जाती हैं, उसका परिचालक उनके साथ गालीगलौज करता है। परिचालक ने कुछ छात्राओं को थप्पड़ तक जड़ दिए। परिचालक के थप्पड़ मारने की शिकायत छात्राओं ने प्रधानाचार्य से की। प्रधानाचार्य ने नादौन पुलिस के पास मामले की शिकायत की। पुलिस ने अपने स्तर पर छानबीन शुरू की। मामला गंभीर होता देख निगम परिचालक ने माफी मांगने में ही समझदारी समझी। परिचालक के माफी मांगने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके चलते मामला पुलिस के पास दर्ज नहीं हो पाया है। थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि प्रधानाचार्य की शिकायत आई थी लेकिन बाद में दोनों पक्षों में समझौता होने से मामला दर्ज नहीं हो पाया।