हमीरपुर। जिला आयुर्वेदिक विभाग में सेवारत चिकित्सक के घर से शातिर तीन लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर फरार हो गए हैं। नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर-10 भटेहड़ कलां में दिनदहाड़े चोरी से लोगों में दहशत का माहौल है। घर की मालकिन सविता भारद्वाज पत्नी डॉ. रमेश भारद्वाज की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वारदात के समय घर पर परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। सविता भारद्वाज ने बताया कि सोमवार को सुबह साढ़े नौ बजे उनके पति अस्पताल के लिए निकले थे। इसके बाद कुछ देर बाद वह भी बाजार के लिए निकल गईं। दोपहर सवा एक बजे जब वह वापस घर पहुंची तो दरवाजा खुला हुआ था। शातिरों ने ताला तोड़ने के बजाय दरवाजे का हैंडल ही निकाल दिया था। कमरे के भीतर जाकर देखा तो अलमारी और लॉकर के ताले टूटे हुए थे। घर पर सामान चेक किया गया तो पाया गया कि परिवार के सारे आभूषण लॉकर से गायब थे। उन्होंने बताया कि अलमारी में करीब 10 से 11 तोला सोने के आभूषण रखे हुए थे, जो चोरी हो चुके हैं। शिकायत के बाद डीएसपी हमीरपुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्कवायड को भी मौके पर लाया गया, लेकिन शातिरों का कोई सुराग नहीं लग पाया। उधर, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने दावा किय कि शीघ्र आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।