अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के अंतर्गत सराहकड़ पंचायत के गांव कटियारा में एक व्यक्ति के बैंक खाते से शातिरों से 1.85 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। हेमराज पुत्र लश्करी राम निवासी कटियारा डाकघर सराहकड़ ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 14 अगस्त को शाम करीब आठ बजे उसे मोबाइल नंबर 8584063764 से कॉल आई। इस दौरान कॉलर ने अपना परिचय किसी अधिकारी के रूप में दिया। कॉलर ने उसके पैन और आधार कार्ड की जानकारी मांगी। हालांकि शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने कॉलर को कोई जानकारी नहीं दी। कुछ समय बाद उसके मोबाइल में 1.85 लाख रुपये की नकदी निकासी का संदेश आया। संदेश देखकर उसके होश उड़ गए। उसने संबंधित बैंक शाखा में पहुंचकर खाते के बारे में जानकारी ली तो उसे पता चला कि उसके बैंक खाते से 1.85 लाख की नकदी निकाली गई है। पुलिस ने इसकी शिकायत पुलिस थाना सदर के दर्ज करवा दी है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी रमन कुमार का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।