हमीरपुर। उच्च न्यायालय के आदेश पर बुधवार को सदर एसडीएम, सीओ की मौजूदगी में चौकीदार के शव को कब्र से निकाला गया। पुलिस ने दोबारा पंचनामा की कार्रवाई कर शव विच्छेदन के लिए पोस्टमार्टम भेजा। यहां एसडीएम की मौजूदगी में पांच चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया।
ललपुरा थानाक्षेत्र के परसनी गांव निवासी चौकीदार चांद खां (65) का पिछले 18 मई की शाम ललपुरा थाने से कुछ दूरी पर सड़क किनारे संदिग्ध हालात में शव मिला था। चौकीदार 17 मई को ललपुरा थाने गया था। मौत के मामले में परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए पुलिस पर मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की थी। परिजनों ने घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग कर ग्रामीणों के साथ जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था। तब अधिकारियों ने पीड़ित परिजनों की मांग पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
उधर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा को सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया था। पुलिस की इस जांच से मृतक के परिजन संतुष्ट नजर नहीं आए। जिस पर मृतक के पुत्र बबलू ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर मामले की जांच सीबीआई से करवाने व शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
न्यायालय ने पिछले 17 जून को आदेश दिया कि शव का पुन: पोस्टमार्टम पांच डाक्टरों के पैनल से कराया जाए। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बुधवार को सदर एसडीएम अजीत परेश, सीओ सदर अनुराग सिंह व ललपुरा एसओ बांके बिहारी मोराकांदर गांव के बाहर स्थित कब्रिस्तान पहुंचे।
जहां मृतक के पुत्र राजू, बबलू, भाई मुन्ना, भूरा, हसन व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। एसडीएम ने मृतक के तीनों भाइयों से कब्र को खोदने को कहा। जिस पर उन्होंने कब्र खोदकर कपड़े व पन्नी से ढके शव को निकाला। बदबू के कारण पुलिस ने आनन फानन में शव को दोबारा पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।
हाईकोर्ट के आदेश पर शाम करीब छह बजे पांच चिकित्सकों डा. शिवशास्त्री, डा. विकास यादव, डा. आशुतोष निरंजन, डा. आरएस प्रजापति व डा. तरुणपाल के पैनल ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के समय वीडियोग्राफी भी कराई गई। एसडीएम अजीत परेश ने बताया उनकी मौजूदगी में शव का दोबारा पंचनामा की कार्रवाई की गई है।
बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट को न्यायालय भेजने की कार्रवाई एसपी हेमराज मीना द्वारा की जाएगी। वहीं चौकीदार के शव को कब्र से निकालते समय उसकी दोनों विवाहित पुत्रियां कुसुमा व कमला भी मौजूद रहीं। जहां दोनों का रो रोकर उनका बुराहाल था। रोते बिलखते उन्होंने कहा कि अब उन्हें न्याय मिलेगा।
चौकीदार के पुत्र की याचिका पर हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सीलबंद लिफाफे में बंद कर भेजा जाएगा हाईकोर्ट
एक माह पूर्व संदिग्ध हालात में थाने के पास मिला था चौकीदार का शव
अमर उजाला ब्यूरो