अमर उजाला ब्यूरो
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)।
पुलिस थाना सदर के अंतर्गत भोटा कस्बे में कार हटाने को लेकर कार चालक और एक होमगार्ड में कहासुनी के बाद झड़प हो गई। इस दौरान एनएच से मोटरसाइकिल पर गुजर रहे दो पुलिस कर्मियों ने होमगार्ड के बचाव करते हुए कार चालक की धुनाई कर डाली। पुलिस ने होमगार्ड और कार चालक की शिकायत पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक कार चालक ने डिडवीं कस्बे में कार रोकी और अखबार पढ़ने लगा। सड़क किनारे कार पार्क होने से कस्बे में जाम लग गया तो होमगार्ड ने चालक को कार हटाने के लिए कहा। कार चालक ने कार को वहां से हटाकर थोड़ी दूर कस्बे में ही सड़क किनारे पार्क कर दिया और फिर अखबार पढ़ने लगा। इसके बाद कस्बे में फिर जाम लगने लगा तो होमगार्ड ने कार चालक को फिर से कार हटाने के लिए कहा। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई और दोनों में झड़प हो गई। इसी दौरान कस्बे से मोटरसाइकिल पर गुजर रहे दो पुलिस कर्मियों ने होमगार्ड और कार चालक में झड़प होते देखी। दोनों पुलिस जवानों ने यहां रुककर कार चालक की पिटाई कर दी। होमगार्ड का आरोप है कि कार हटाने के लिए कहा तो उसने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं कार चालक का आरोप है कि होमगार्ड और दो पुलिस जवानों ने उसके साथ हाथापाई की है। होमगार्ड ने पुलिस चौकी भोटा और कार चालक ने पुलिस थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार का कहना है कि पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।