भरुआसुमेरपुर। मंगलवार की रात हाईवे पर कुंडौरा व नारायनपुर के बीच तेज रफ्तार डंपर ने आगे जा रही आटो में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे आटो चालक की मौके पर मौत हो गई। जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
महोबा जनपद के काजीपुरा मोहल्ला निवासी जगदीश चौरसिया (35) अपने साथी सोनू कुशवाहा (20) निवासी खोयामंडी महोबा के साथ आटो में घाटमपुर क्षेत्र से मिर्ची लादकर महोबा मंडी करने जा रहे थे। तभी मंगलवार रात करीब 12 बजे हाईवे पर नारायनपुर-कुंडौरा के बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने आटो में टक्कर मार दी, जिससे आटो चालक जगदीश चौरसिया की मौके पर मौत हो गई और सोनू कुशवाहा घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
आटो में डंपर ने मारी टक्कर, चालक की मौत