मुख्यालय की प्रमुख बाजार में मंगलवार को दुकानदारों से वसूली कर रहे फर्जी कर कमिश्नर को व्यापारियों ने दबोच कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। यहां फर्जी अधिकारी पुलिस को लघुशंका करने का झांसा देकर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
दोपहर करीब दो बजे सुभाष बाजार में एक फर्जी व्यापार कर कमिश्नर बनकर आया व्यक्ति दुकानों में पहुंचा। यहां उसने करीब छह दुकानदारों से त्योहार का हवाला देकर खर्चा मांगा। इस पर दुकानदारों ने देने से मना कर दिया।
दुकानदारों ने फर्जी कमिश्नर होने की आशंका पर सूचना नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र गुप्ता धीरू को दी। इस पर नगर अध्यक्ष अन्य पदाधिकारियों के साथ बाजार पहुंचे।
अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने फेयरडील जनरल स्टोर के पास खड़े फर्जी अधिकारी को आवाज लगाई। तो वह भागने लगा, जिस पर दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। सूचना पर आई पुलिस उसे कोतवाली ले गई। पकड़े गए फर्जी अधिकारी ने अपना नाम घाटमपुर निवासी धीरेंद्र कुशवाहा बताया है।
यहां कुछ देर रुकने के बाद शातिर ने अभिरक्षा में लगे होमगार्ड से लघुशंका के लिए जाने को कहा। वह गया और यहीं से भाग निकला। उसके भागने की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में पुलिस टीमें बस स्टैंड, यमुना व बेतवा पुल को भेजी गई। मगर उसका कहीं सुराग नहीं लग सका है। एसपी हेमराज मीना ने कहा कि फर्जी अधिकारी के कोतवाली से भाग निकलने की जांच सीओ ओंकार यादव को सौंपी है। जांच के बाद लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी अधिकारी के भागने पर कोतवाली गेट से पुलिस की जीप उसका पीछा करने निकली। एक सिपाही ने एसएसआई से अमन शहीद मोहल्ले के निकट उसे देखने की बात कही।
लेकिन एसएसआई ने उसकी बात को अनसुना कर दिया और जीप आगे बढ़ गई। इस पर फर्जी अधिकारी आराम से निकलकर भाग निकला। पुलिस को बाद में पता चला कि जो रास्ते में मिला था वही फर्जी अधिकारी था।
तब एसएसआई के कान खड़े हुए। जिस वक्त यह पूरा घटनाक्रम हुआ उस वक्त कोतवाल डीआईजी की बैठक में पुलिस लाइन सभागार में थे।
फर्जी अधिकारी के पुलिस हिरासत से भागने की सूचना पर व्यापारियों में आक्रोश है। नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र गुप्ता की अगुवायी में व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल डीआईजी अनिल कुमार राय से मिलने पुलिस लाइन पहुंचा।
वहां डीआईजी के थानेदारों के साथ बैैैैठक लेने के कारण व्यापारियों की मुलाकात नहीं हो सकी और कुछ देर रुककर व्यापारी लौट गए। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि अगर इस मामले में लापरवाह पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वह एसपी से मिलेंगे।
हिरासत से भागा फर्जी कर अधिकारी
मुख्यालय की बाजार में दुकानदारों से कर रहा था वसूली, व्यापारियों ने पकड़कर पुलिस को सौंप