अमर उजाला ब्यूरो
जाहू (हमीरपुर)।
मुंडखर स्थित चाब मोड़ पर एक जीप अनियंत्रित होकर सड़क से 30 फीट नीचे पलट गई। इस हादसे में पिकअप चालक की मौके पर मौत हो गई जबकि इसमें सवार एक अन्य व्यक्ति घायल है। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। सोमवार रात करीब 12 बजे अब्दुल खां (25) निवासी शिला जिला मंडी पिकअप में सेब लोड कर टकोली से हमीरपुर जा रहा था। जैसे ही वह पिकअप लेकर जाहू से सात किलोमीटर आगे मुंडखर पहुंचा तो चाब के पास एक तीखे मोड़ कर पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लुढ़क गई। इस दौरान पिकअप करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के दौरान पिकअप चालक ने गाड़ी से छलांग लगाना चाही, लेकिन वह पिकअप की चपेट में आ गया। इसके चलते पिकअप के नीचे दबने से चालक अब्दुल खां की मौके पर मौत हो गई। वहीं पिकअप में सवार पिकअप मालिक गिरधारी लाल (76) निवासी उवा जिला मंडी घायल हो गया। पूरी रात घायल गिरधारी लाल गाड़ी में ही फंसा रहा। सुबह के समय लोगों ने पिकअप को सड़क किनारे लुढ़का देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच घायल को पिकअप से बाहर निकाला और उसे प्राथमिक उपचार के लिए बस्सी अस्पताल भेजा। चालक अब्दुल खां के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी तेन सिंह का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्जकर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।