अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। मत्सय विभाग ने वीरवार को ब्यास नदी के आसपास प्रतिबंध के बावजूद मछलियों का अवैध शिकार कर रहे लोगों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया। सहायक मत्स्य अधिकारी विजय सिंह चौहान और एफएम पदम देव ठाकुर ने शुक्रवार को सुबह-सवेरे ही ब्यास नदी किनारे मानपुल, कलूर, कोहला, बेला नदी किनारे दबिश दी। इस दौरान उन्होंने अवैध तौर पर मछलियों का शिकार करने वाले तीन शिकारियों को मौके पर पकड़ा और उनके विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया। सहायक मत्स्य अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में बहने वाली मान खड्ड, कुनाह खड्ड अन्य खड्डों व ब्यास नदी किनारे भी दबिश दी गई। इस दौरान दबिश के कारण कई शिकारी अपने जाल छोड़ कर मौका से फरार हो गए। मत्स्य विभाग की टीम ने शिकारियों के जाल भी जब्त कर लिए। उन्होंने बताया कि टीम ने नादौन में मछली का शिकार करने के लिए 15 आवेदकों के नए लाइसेंस भी बना कर दिए जो प्रतिबंध खत्म होने के बाद मछली का शिकार कर सकते हैं। जिला मत्स्य अधिकारी चंचल ठाकुर ने बताया कि रोक के दौरान मछली का शिकार करने वालों पर कड़ी नजर है। ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।