मौदहा घटनास्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़। संवाद
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा। सिलौली गांव के निकट मंगलवार सुबह खेत में एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिला है। उसकी शिनाख्त हुसैनगंज निवासी बिट्टो (55) के रूप में की गई है। वह मानसिक रोगी थी। शव को कई जगह जानवरों ने नोंच खाया है। पुलिस का मानना है कि महिला की मौत ठंड से हुई है।
बिट्टो का विवाह 20 साल पूर्व बांदा निवासी असलम के साथ हुआ था। मानसिक रोगी होने के कारण 10 साल पहले पति उसे मायके छोड़कर चला गया था। तब से वह अपनी मां अक्कन के साथ रहती थी। मानसिक रोगी होने के कारण अक्सर वह रास्ते चलते लोगों से पैसे मांगा करती थी। परिजनों व मोहल्ले वालों ने मिलकर उसकी पुत्री रानी का विवाह कम्हरिया में कर दिया था। वह अक्सर पुत्री से मिलने कम्हरिया गांव चली जाती थी।
मृतका के भाई शहाबुद्दीन ने बताया कि तीन दिन पूर्व अपनी बेटी के यहां जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह कम्हरिया नहीं पहुंची। बहन की लगातार तलाश करते रहे। मंगलवार को उसका शव खेत में मिला। वह अपने पीछे एक पुत्र व एक पुत्री को छोड़ गई है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण साफ होगा।