राठ। कोतवाली क्षेत्र के नंदना गांव के दो घरों से चोर मंगलवार रात नकदी, जेवर समेत चार लाख का माल पार कर ले गए। गृहस्वामियों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की।
नंदना गांव निवासी धर्मपाल और परिवार के सदस्य मंगलवार रात घर में सो रहे थे। देर रात चोर घर में घुस आए और बक्से का ताला तोड़कर सोने की जंजीर, दो झुमकी, दो अंगूठी, पांच जोड़ी चांदी की पायल, चार चांदी के सिक्के समेत करीब ढाई लाख के गहने और 600 रुपये उठा ले गए।
गांव के मुन्ना कुशवाहा के घर से भी चोर दो सोने के मंगलसूत्र, दो झुमकी, बेसर, छोटा मंगलसूत्र, दो नाक की कील, एक जोड़ी चांदी की पायल समेत डेढ़ लाख के गहने व 400 रुपये ले गए हैं। कोतवाल विनोद कुमार राय ने कहा कि छानबीन की जा रही है, जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।