हमीरपुर। गैंगस्टर एक्ट के दो आरोपियों की 3.5 करोड़ की चल और अचल संपत्ति पुलिस ने कुर्क की है। इनमें एक आरोपी अवैध गुटखा फैक्टरी चलाता था।
राठ के सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी गैंगस्टर एक्ट के आरोपी राम प्रकाश गुप्ता उर्फ पप्पू झिन्ना पेशेवर अपराधी है। उस पर वर्ष 2010 से आपराधिक क्रिया कलापों में संलग्न रहकर कई घटनाओं के आरोप हैं। उसकी आय का कोई संसाधन नहीं है। इसके पिता साधारण किसान एवं माता गृहिणी हैं। उसने अपराध जगत से संपत्ति अर्जित की है। अवैध तरीके से गुटखा फैक्टरी चलाता था। मिलावटी गुटखा को असली बनाकर बाजार में बिक्री कर अवैध रूप से आर्थिक लाभ प्राप्त कर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई कर तीन करोड़ तीन लाख 59 हजार 452 रुपये की संपत्ति कुर्क की है। इसमें मकान, दुकान, खेत, प्लाट, बाइक, एसबीआई व एक्सिस बैंक में जमा धनराशि शामिल है। वहीं जलालपुर थानाक्षेत्र के गोहांड कस्बा के जयप्रकाश नगर निवासी गैंगस्टर एक्ट के आरोपी कपिल राजपूत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जरिया पुलिस ने दो लाख पांच हजार 15 रुपये की धनराशि बैंक खाते से जब्त कर खाते फ्रीज करवा दिए हैं।