हमीरपुर। जालौन में पट्टे पर जिले में अवैध खनन कर 2200 घन मीटर मौरंग निकाली गई है। अवैध खनन पर 25 लाख का जुर्माना खनिज विभाग लगाएगा।
एसडीएम सरीला खालिद अंजुम ने वन, खनिज व राजस्व टीम के साथ सोमवार को जालौन के मौरंग खंड नंबर एक में छापा मारा था। इसमें कारोबारी द्वारा जिले की सीमा पर चंडौत जरिया के गाटा संख्या 21 में बेतवा नदी की जलधारा रोककर अवैध खनन पाया गया था। पट्टा संचालक के खिलाफ थाना जरिया में मुकदमा दर्ज कराया गया था। खनिज विभाग के सर्वेक्षक वीपी शुक्ला ने बताया कि बेतवा नदी पर जालौन के पट्टाधारक करन सिंह के नाम मौरंग खदान खंड एक है, लेकिन इन्होंने हमीरपुर की सीमा में घुसकर अवैध खनन कर राजस्व को नुकसान पहुंचाया है। करीब 2200 घन मीटर अवैध खनन किया है। उस पर 25 लाख का जुर्माना ठोकने की तैयारी की है। सोमवार को दो अन्य पट्टा धारकों में योगेंद्र परनामी व एक अन्य पर की गई अवैध मौरंग निकासी पर नाप जोख की है। बताया कि अभी तक अवैध खनन व परिवहन पर दस एफआईआर दर्ज कराई गईं और 101 वाहन सीज किए गए हैं।