सरीला। खंडौत मौजा के डेरा में शॉर्ट सर्किट से लगी आग से नकदी व गृहस्थी का सामान जल गया।
जलालपुर थानाक्षेत्र के खंडौत मौजा के हरसुंडी गांव निवासी लाल दीवान के डेरा में घर के बगल में रखे ट्रांसफार्मर के शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घर में सो रहे लाल दीवान के बेटे हरिमोहन ने घर के बाहर भागकर अपनी जान बचाई। आग से घर में रखे 77 हजार रुपये व मोबाइल फोन समेत गृहस्थी का अन्य सामान जल गया। लाल दीवान ने बताया कि राठ गल्ला मंडी से मटर बेचकर नकदी लेकर आया था। आग से घरेलू सामान व नकदी जल गई। बाद में मौके पर पहुंचे लेखपाल ने आग से हुए नुकसान का आकलन कर मदद देने की बात कही है।