मौदहा। एक मजदूर के खाते से दो बार में 14 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित का आरोप है कि बैंक में शिकायत की तो उसे टरका दिया गया।
इमिलिया गांव स्थित इंडियन बैंक में भुगैचा गांव निवासी मजदूर कल्लू का खाता है। कल्लू ने बताया कि उसके खाते से पांच फरवरी को 14 हजार रुपये दो बार में साइबर ठगों ने निकाले हैं। सात फरवरी को वह पैसा निकालने बैंक गया तो कर्मचारी ने उसके खाते में पर्याप्त रुपये न होने की बात कहकर लौटा दिया। उसने शाखा प्रबंधक से जानकारी करने की बात कही। शाखा प्रबंधक ने अनसुनी कर उसे बैंक से चलता कर दिया। कल्लू ने मंगलवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि प्रकाश सिंह को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके पूर्व एक माह के अंदर नगर के चार अधिवक्ताओं समेत आधा दर्जन से अधिक बैंक उपभोक्ताओं के खातों से रकम निकाली जा चुकी है।