सरीला। जरिया थानाक्षेत्र के जिटकरी निवासी अनुसूचित जाति के लोग दबंगों से परेशान हैं। पीड़ितों ने थानाध्यक्ष को ज्ञापन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
गांव के अरविंद, पवन, बृजेंद्र, सुनील, पुष्पेंद्र, दुर्जन, प्यारेलाल, चंद्रपाल, हरप्रसाद, रामहेत आदि लोगों ने बताया कि वह अनुसूचित जाति के हैं। झबरा डेरा के दो भाई रास्ते में रोककर उन लोगों से आए दिन मारपीट करते हैं। आरोप लगाया कि 11 अक्तूबर को रिगवारा से जिटकरी बिरादरी की बरात आई थी। दबंगों ने बरातियों से लूटपाट का प्रयास किया था। दो गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए थे। बताया कि बराती बदमाश समझकर एक भाई को जिटकरी ले आए थे। आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। लेकिन कार्रवाई न होने से इनके हौसले बुलंद हैं। थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।