हमीरपुर। मुस्करा कस्बे के बाजार में एक प्रसूता की घर जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इससे बाजार में खासी भीड़ जमा हो गई।
जलालपुर थानाक्षेत्र के पुरैनी निवासी भाईलाल बसु ने बताया कि उनकी पत्नी सुमन (30) की 15 दिन पहले घर पर ही साधारण डिलीवरी हुई थी। प्रसूति के बाद पत्नी की हालत खराब हो गई। इसके चलते वह रविवार को उसे कानपुर दिखाने ले गया था। इलाज करवाकर कानपुर से वापस कस्बे लौटा था। बाजार में घर जाते समय एक दुकान के सामने थाना गेट के पास उनकी पत्नी की हालत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। सुमन के तीन बच्चे हैं। इसमें कृष्णा (8), लक्ष्मी (6) और 15 दिन की दुधमुंही बच्ची है। घटना की जानकारी होने पर मौके पर खासी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को इधर उधर किया। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन महिला के शव को गांव ले गए।