राठ। पांच दिन पहले पिता से झगड़ने के बाद घर से निकले युवक का शव बुधवार सुबह खेत में पेड़ से लटका मिला।
मझगवां थाने के इटौरा निवासी घनाराम कुशवाहा ने बताया कि उनके छोटे भाई शिवसहाय (37) मजदूरी कर भरण पोषण करता था। उसे शराब पीने की लत थी। शराब के पैसों के लिए आए दिन घर में झगड़ा करता था। घनाराम ने बताया कि पांच दिन पहले भी पिता से झगड़ा किया था। इसके बाद घर से रस्सी लेकर निकल गया था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे गांव के छविलाल खेत में तुलसी फसल की कटाई कराने जा रहे थे। इसी दौरान शव दिखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारा और शिनाख्त शिवसहाय के रूप में की। शिवसहाय का 17 वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। पहले प्रसव के दौरान उनकी पत्नी व नवजात की मौत हो गई थी। मझगवां एसओ मिथलेश कुमार सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच की जा रही है।