हमीरपुर। जनपद में कोविड संक्रमण की तैयारी परखने के लिए मंगलवार को जिला अस्पताल, एल-टू हॉस्पिटल सहित कुल आठ स्थानों पर मॉक ड्रिल हुई। तैयारियों के मामले में जनपद खरा उतरा है। मामूली कमियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। ज्यादातर स्थानों पर स्टाफ की कमी के मामले सामने आए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामअवतार सिंह ने बताया कि यह मॉक ड्रिल कोविड के नए स्वरूप के संक्रमण के बढ़ने की आशंका के मद्देनजर हुई। इस दौरान अन्य विभागों से स्वास्थ्य टीम का और स्वास्थ्य टीम के आपस का समन्वय देखा गया। चार सीएचसी में 30-30 बेड और एल-टू में 75 बेड आरक्षित किए गए हैं। 18 वेंटीलेटर बेड हैं। एल-टू के 30 बेडों में ऑक्सीजन की सीधी सप्लाई है।
जिलाधिकारी डॉ. सीबी त्रिपाठी ने कुरारा एल-टू हॉस्पिटल पहुंचकर मॉक ड्रिल औ कोरोना से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। मॉक ड्रिल के दौरान जनपद में कोविड मरीजों के लिए आरक्षित बेड, वार्ड और ऑक्सीजन की उपलब्धता देखी गई।
इसके अलावा कोविड सर्विलांस अधिकारी डॉ.अनूप निगम, एसीएमओ डॉ.एलबी गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.महेशचंद्रा, सीएमएस डॉ. केके गुप्ता, डॉ. फौजिया अंजुम नोमानी, डॉ. सुनील जायसवाल, डॉ. रिजवान, इं. सिद्धार्थशंकर सिंह आदि ने टीमों ने सीएचसी का निरीक्षण किया।
राठ संवाद के अनुसार एसडीएम पवन प्रकाश पाठक व नोडल अधिकारी डॉ. एलबी गु्प्ता ने सीएचसी में व्यवस्थाएं देखीं। भरुआसुमेरपुर संवाद के अनुसार प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. तरुण पाल ने बताया कि छानी सीएचसी में माकड्रिल कराया गया।
मौदहा संवाद के अनुसार जनपद में संचालित पांच आक्सीजन प्लांट चलाने के लिए विभाग के पास जनरेटर के इंतजाम ही नहीं है। सीएमओ रामअवतार का कहना है कि जनरेटर तो उपलब्ध हैं, लेकिन जिले में जो बड़े ऑक्सीजन प्लांट हैं। उनके लिए बड़े जनरेटरों की मांग शासन से की जा चुकी है।
निर्माणाधीन कोविड भवन की घटिया ईंट देख डीएम नाराज
कुरारा। स्थानीय सीएचसी में मॉकड्रिल में मंगलवार को डीएम डॉ. चंद्रभूषण त्रिपाठी ने ऑक्सीजन प्लांट व कोविड वार्डों एवं डेंगू वार्डों का निरीक्षण किया।सीएचसी में कोविड रूम का हो रहे निर्माण कार्य पर घटिया ईंटे देखकर डीएम का पारा चढ़ गया। ईंटा तोड़कर सही ईंट लगाने के निर्देश दिए हैं। खिड़कियां पान की पीकों से रंगी मिलीं। जिलाधिकारी ने ओपीडी रजिस्टर का निरीक्षण किया। जो स्वास्थ्य कर्मी अवकाश पर थे, उनका स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीएमओ राम अवतार, नोडल अधिकारी केके सिंह, सीएससी अधीक्षक सुनील कुमार जायसवाल, फार्मासिस्ट योगेंद्र यादव, चिकित्सक दीपक कुमार, अनिल कुशवाहा, जितेंद्र कुमार आदि लोग मौजूद रहे।