हमीरपुर/ राठ। ठंड से फेरी विक्रेता की मौत हो गई। मंगलवार को बीते दिन की अपेक्षा तापमान एक डिग्री लुढ़क गया। सुबह की शुरूआत कोहरे साथ हुई। आठ बजे तक हल्की धूप निकलने से लोगों ने राहत महसूस की। न्यूनतम तापमान चार और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अभी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है।
राठ संवाद के अनुसार सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी जयहिंद ने बताया उनके पिता गोविंद दास (58) गांवों में फेरी लगाकर दाल, चावल, चीनी बेचते थे। सोमवार को साइकिल से कस्बा खेड़ा गांव में फेरी लगाने गए थे। शाम चार बजे वापस लौट रहे थे। चरखारी रोड पर एक महाविद्यालय के पास हालत बिगड़ने पर साइकिल से गिर गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो मृत अवस्था में मिले। मौत पर पत्नी भगवती, पुत्र जयहिंद व महेश कुमार का रो- रोकर बुरा हाल है।