बिवांर हाट बाजार में तैयार टेक होम राशन प्लांट में लगी मिक्सर मशीन।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। आंगनबाड़ी केंद्रों में नौनिहालों को बंटने वाला पुष्टाहार अब जिले में ही तैयार होगा। बिवांर व जरिया गांव के हाट बाजार में दो ड्राई राशन प्लांट स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक प्लांट पर 90 लाख की लागत आई है। इन्हें इसी माह के अंत तक चालू करने का दावा किया जा रहा है। दोनों प्लांट में छह हजार महिलाओं को रोजगार मिलेगा।
जिले में कुल सात हजार 229 स्वयं सहायता समूह गठित हैं। इन समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ग्रामीण आजीविका मिशन जिले में दो टेक होम राशन प्लांट संचालित करेगा। इसमें आने वाली लागत में प्रत्येक महिला समूह ने 30 हजार रुपये का अंशदान किया है। जिले के 600 समूहों को शामिल किया गया है। दो नोडल सीएलएफ (संकुल स्तरीय संघ) नामित किए गए हैं। एक संकुल में तीन ब्लाकों को जोड़ा गया है। बिवांर संकुल में मुस्करा, मौदहा व कुरारा व जरिया संकुल में सरीला, गोहांड व राठ ब्लाकों को जोड़ा गया है। इन प्लांटों से छह हजार महिलाओं को रोजगार मिलने लगेगा। इसमें उनकी स्वयं की एक कंपनी होगी। स्वयं अपना उत्पाद तैयार कर आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजेंगी। अभी तक यह पुष्टाहार बाजार से बड़ी-बड़ी कंपनियों से लिया जाता था।
मिशन का प्रयास समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वालंबन देने में सार्थक साबित होगा। प्लांटों को तैयार करने के लिए केरल की पायलट एसमेट कंपनी को नामित किया था। उसने पुष्टाहार तैयार करने के लिए मिक्सर ड्रायर, पैकेजिंग मशीन लगाई है। जिला मिशन प्रबंधक रविंद्र कुमार ने कहा कि बाजार से मिलने वाला पुष्टाहार अब जिले में ही तैयार किया जाएगा।