हमीरपुर/भरुआसुमेरपुर। बिजली गिरने से एक चरवाहा झुलस गया और दूसरे की आंख की रोशनी चली गई। मोबाइल टॉवर पर बिजली गिरने से एक दर्जन घरों के टीवी, फ्रिज कूलर समेत अन्य बिजली उपकरण फुंक गए।
फत्तेपुरवा निवासी रामधार (40) बुधवार को सुबह मवेशी लेकर खेतों पर चराने गया था। दोपहर में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इस पर वह एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी बिजली गिरने से झुलस गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इंगोहटा निवासी अन्नी धुरिया ने बताया कि उसका बड़ा भाई वरदानी धुरिया (45) भैंस लेकर खेतों पर गया था। तभी जोरदार बारिश के साथ गिरी बिजली से झुलस कर बेहोश हो गया था। देर शाम पता चला कि वह बेहोश खेतों में पड़ा है। उसे मौदहा के सीएचसी में भर्ती कराया गया। उसकी आंखों की रोशनी चली गई है। जिला अस्पताल के नेत्र चिकित्सक का कहना है कि बिजली की चमक इतनी तेज होती है कि व्यक्ति की आंखों की रोशनी जा सकती है। उधर, गांव के देवसिंह परिहार के हाते में लगे मोबाइल टॉवर पर बिजली गिरने से सभी उपकरण फुंक गए हैं। टॉवर के आसपास के एक दर्जन मकानों में लगे पंखा, कूलर, फ्रीज, टीवी फुंक गए। इससे ग्रामीणों का लाखों का नुकसान हुआ है।
बिवांर संवाद के मुताबिक बुधवार शाम चार बजे मौजा सायर अंतर्गत बिवांर-मौदहा रोड़ पर नहर से सौ मीटर दूर चरवाहे संतोष कुमार अनुरागी व उसका भाई मानसिंह अनुरागी अपनी बकरियां चरा रहे थे। उसी दौरान भारी बारिश शुरू हो गई और अचानक बिजली गिरने से संतोष का एक बकरा व मानसिंह की तीन बकरियों की मौत हो गई। दोनों भाई बाल-बाल बच गए।