संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। शहर में कार की चपेट में आकर हमीरपुर निवासी युवक की मौत हो गई। कार टक्कर मारते हुए युवक को 20 मीटर तक घिसटते ले गई। इससे युवक बुरी तरह घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। लोग कार को रुकवा पाते, इससे पहले ही तेजी के साथ चालक कार के साथ फरार हो गया।
हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र के बड़गर गांव निवासी भगत सिंह राजपूत (35) रविवार को उरई शहर आया था। उसे थ्रेसर की दुकान में किश्त जमा करनी थी। वह आटा थाना क्षेत्र के करमेर गांव निवासी मामा अखिलेश के साथ था। रविवार शाम बाजार में चारपाई व डीजल लेकर स्टेशन गया था। रेलवे माल गोदाम के पास शराब ठेके के सामने दोनों सवारी वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी स्टेशन की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने भगत सिंह को टक्कर मार दी। इस दौरान भगत सिंह कार के सामने आ गया था, जिसके बावजूद कार रुकी नहीं और उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। मामा ने बताया कि वह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसका एक पुत्र है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाल वीरेंद्र पटेल का कहना है कि टक्कर मारने वाली कार व चालक की तलाश की जा रही है।