राठ (हमीरपुर)। नगर के सराफा व्यापारी ने थोक खरीदार पर दो किलो 387 ग्राम चांदी हड़पने का आरोप लगाया है।
बुधौलियाना मोहल्ला निवासी वीरेंद्र कुमार सोनी ने सोमवार को कोतवाली में शिकायती पत्र दिया। उसमें बताया कि वह सराफा व्यापारी हैं। कोटबाजार निवासी चांदी के थोक विक्रेता के पास 23 जनवरी को 10.537 किलोग्राम चांदी जमा की थी। बताया कि उन्होंने दो बार में चांदी व्यापारी से 1,15,000 रुपये उधार लिए। 19 फरवरी को चांदी की बेल्ट ली थी इसमें कुल 65 ग्राम चांदी थी। उन्होंने बताया कि शनिवार को अपनी चांदी वापस मांगी तो व्यापारी ने कुल 8.85 किलोग्राम चांदी दी। पूरी चांदी मांगने पर कहने लगा कि पांच लाख रुपये उधारी की बात कही। आरोप लगाया कि व्यापारी ने उनकी 2.387 किलोग्राम चांदी हड़प ली है। जबकि वह व्यापारी का 1,25,000 रुपये देने को तैयार हैं। कोतवाल राकेश कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।