गलोड़ (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत नारा खास के नारा गांव के ग्रामीण ने आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। गांव के मध्य पड़ने वाले नाले पर पुल का निर्माण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने यह निर्णय लिया है।
नारा गांव के जगदीश, अनिल, ज्ञान चंद, विजय, संतोष कुमार, पूजा, पानो देवी, मीना कुमारी, सुदेश कुमारी, रसीलो देवी और संतोष कुमारी आदि ने कहा कि गांव के मध्य स्थित नाले पर कई बार मांग करने के बाद भी पुल नहीं बन पाया है। इससे लोगों को रोजाना आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ती है। सरकार वर्षों से पुल निर्माण का आश्वासन दे रही है, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हो पाया।
ग्रामीणों का आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक ले जाने में नाला बाधा बनता है। मरीजों को कंधों पर उठाकर नाला पार करवा कर चिकित्सालय तक पहुंचाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि चुनावों के समय अक्सर नेता वायदे करते हैं कि पुल का निर्माण कर दिया जाएगा, लेकिन चुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद कोई इस दिशा में कदम नहीं उठाता। इसी कारण गांववासियों ने चुनावों के बहिष्कार का निर्णय लिया है।