राठ। सार्वजनिक शौचालय की गंदगी डालने के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे में 6 वर्षीय बालक जा गिरा। परिजन उसे गड्ढे से निकाल कर सीएचसी ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इकलौते पुत्र की मौत पर परिवार में कोहराम मचा है।
मझगवां के मुस्करा खुर्द गांव निवासी मुन्ना कुशवाहा ने बताया भवन निर्माण में राजमिस्त्री हैं। रविवार शाम उनका इकलौता पुत्र अनवय (6) घर के बाहर खेल रहा था। डेढ़ माह पहले घर के पास सड़क किनारे सार्वजनिक शौचालय की गंदगी डालने के लिए 6 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था। बताया अनवय खेलते हुए गड्ढे में जा गिरा। जब काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजन व ग्रामीण बच्चे को खोजते रहे। देर रात बालक पानी भरे गड्ढे में डूबा दिखाई दिया। तत्काल गड्ढे से निकाल कर सीएचसी ले गए। वहां डॉ.एमपी सिंह ने मृत घोषित कर दिया। इकलौते पुत्र की मौत पर मां चंद्रवती का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतक बालक के पिता मुन्ना कुशवाहा, विक्रम सिंह, मंगू आदि ग्रामीणों ने बताया गांव में बस्ती के पास सड़क किनारे गंदगी डालने के लिए गड्ढा बना दिया। जबकि यह गांव के बाहर बनना चाहिए था। गड्ढे में बारिश का पानी भरने से गंदगी व संक्रामक बीमारियों का खतरा है। गड्ढे को बंद भी नहीं कराया गया। वहीं ग्राम प्रधान सुरेश राजपूत ने बताया गांव के ओडीएफ होने पर सार्वजनिक शौचालय की गंदगी डालने के लिए गड्ढे खोदे गए हैं। जिसमें काम होना बाकी है।
बच्चे के गड्ढे में गिरने की सूचना पर अनेक ग्रामीण बाइकों से सीएचसी जा रहे थे। टूंका गांव के पास एक बाइक फिसलने पर गांव के बालकेश (30) व मंगू (31) गिरकर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां डॉ एमपी सिंह ने बालकेश को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया।