राठ कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी नीतेंद्र
- फोटो : HAMIRPUR
राठ (हमीरपुर)। इटायल गांव निवासी 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने बताया कि ताश के खेल में बेइज्जती से नाराज होकर उसने किशोर की पीट-पीट कर हत्या की थी।
मंगलवार की शाम इटायल गांव निवासी संदीप (17) का शव उरई रोड पर एक विद्यालय के पीछे बबूल के झाड़ में मिला था। वह सोमवार की शाम शौच के लिए घर से निकला था। दाहिनी आंख के पास, सिर के पीछे तथा गले के पास चोटों के निशान होने पर पिता ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस मामले का शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ने खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सुरागरसी में गांव निवासी नीतेंद्र कुमार (19) के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया। बताया कि आरोपी और मृतक के परिवारों के बीच एक साल से बोलचाल नहीं थी, जबकि संदीप और आरोपी नीतेंद्र अधिकांश साथ रहते थे।
कुछ दिन पूर्व दोनों के बीच ताश खेलते समय विवाद हो गया था। संदीप ने नीतेंद्र की बेइज्जती कर मारने की धमकी दी थी। बेइज्जती से आहत आरोपी ने उसे सबक सिखाने की ठान ली। 26 जुलाई को नीतेंद्र ने फोन पर संदीप को शौच जाने के लिए बुलाया। दोनों गांव से कुछ दूर एक विद्यालय के पीछे पहुंचे। वहां अचानक नीतेंद्र ने संदीप पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
संदीप के जमीन पर गिरते ही सिर पर ईंट से कई वार कर दिए। उसे मृत समझकर मौके से भाग निकला। अगले दिन संदीप का शव बरामद हुआ था। बताया कि आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल, हत्या में प्रयुक्त डंडा और ईंट बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल राजेश चंद्र त्रिपाठी, एसआई यज्ञनारायण भार्गव, कांस्टेबल सतेंद्र पाल सिंह व पंकज कुमार शामिल रहे।