हमीरपुर। उमस भरी गर्मी में जिला अस्पताल के पुरुष वार्ड में भर्ती मरीज बेहाल है। एसी, कूलर शोपीस बने है। पंखे गर्मी में राहत नहीं दे पा रहे हैं।
जिला अस्पताल में बीते दिनों मरीजों को गर्मी से राहत देने के लिए एसी लगवाए गए। जिसमें पुरुष वार्ड में आठ व डॉक्टर कक्ष के एसी शामिल है। वार्ड में 3.84 लाख रुपये की लागत से आठ एसी लगवाए गए। इन्हें पहले से अस्पताल में पड़ी अंडरग्राउंड लाइन से जोड़कर लगा दिया गया। जिससे लाइन में आए दिन फाल्ट की समस्या होने लगी। वहीं गुरुवार को आया फाल्ट मिस्त्री चार दिन तक नहीं तलाश सके है। मिस्त्री ने लाइन लोड न लेने के कारण यह समस्या आने की बात कही। जिस पर अस्पताल प्रशासन ने नई वायरिंग कराने के लिए पांच लाख रुपये का इस्टीमेट स्वीकृति के लिए भेजा है। (संवाद)
जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. एसपी गुप्ता ने बताया कि लाइन में फाल्ट आने से दिक्कत हुई है। ठीक कराने का प्रयास किया गया लेकिन अंडर ग्राउंड लाइन होने के चलते मिस्त्री फाल्ट नहीं खोज पाया। नई लाइन डलवाने को प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।