राठ। नगर के सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी राजमिस्त्री मंगलवार को महोबा में भवन निर्माण के दौरान गिरकर घायल हो गया। इलाज के लिए झांसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। महोबा के खरेला निवासी रामऔतार ने बताया कि महोबा में भवन निर्माण का ठेका लिया था। उनके साथ कस्बे के चरखारी रोड निवासी रिश्तेदार जियालाल अहिरवार (40) भी काम कर रहा था। रामऔतार ने बताया कि तबियत खराब होने पर वह घर चले गए। वहां पर जियालाल काम कर रहा था। मंगलवार को मकान का प्लास्टर करते समय शरीर का संतुलन बिगड़ने से जियालाल नीचे गिरकर घायल हो गया। साथियों ने जिला अस्पताल महोबा में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक होने पर डाॅक्टर ने झांसी रेफर कर दिया। झांसी जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। (संवाद)