सुमेरपुर नगर पंचायत के वार्ड सदस्यों ने जड़े आरोप
हमीरपुर। सुमेरपुर नगर पंचायत के वार्ड सदस्यों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आरोप लगाया कि सफाई कर्मियों को अपने निजी कार्य में लगा रखा है, इसके साथ ही नगर पंचायत की जेसीबी व ट्रैक्टर भी किराए पर चलवाते हैं। वार्ड सदस्यों ने प्रभारी जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच कराए जाने की मांग की है। सुमेरपुर नगर पंचायत की वार्ड सदस्य माया, चंदा, मुशीर अहमद, जहरूल हसन, सरस्वती देवी, लक्ष्मनिया, देवेंद्र कुमार, शैलेंद्र मिश्रा, विमला साहू, रामकिशोर सैनी, सुनील कुमार, अजय कुमार, रमेश कुमार व दीपक शर्मा ने प्रभारी जिलाधिकारी आरसी श्रीवास्तव को ज्ञापन देकर बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा सोनकर की उदासीनता के चलते विकास ठप है। उनके कार्यालय न आने से जनहित के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। आरोप लगाया कि नगर की गलियों की सफाई नहीं हो रही है। साथ ही अध्यक्ष द्वारा जेसीबी व ट्रैक्टर को किराये पर चलवाया जा रहा है। कार्यालय के लिए आई कुर्सियां व फर्नीचर उनके घर की शोभा बढ़ा रही हैं। जब वार्ड सदस्य इस मामले में पूछताछ करते हैं तो अध्यक्ष धमकाती हैं। कहा कि नगर पंचायत में अधिशाषी अधिकारी की तैनाती जल्द की जाए, जिससे विकास कार्य हों। सदस्यों ने मांग की है कि जांच कराकर मांगों को पूरा किया जाए नहीं तो आंदोलन को मजबूर हाेंगे।