अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। अखिल भारतीय अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण संघ की प्रदेश इकाई और प्रदेश क्षत्रिय घृत बाहती चांहग महासभा ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से संघ की मांगों को जल्द पूरा करने की गुहार लगाई है। संघ ने महासभा के प्रदेश अध्यक्ष श्रीकंठ चौधरी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को अपना मांग पत्र सौंपा है। महासभा की जिला हमीरपुर इकाई के प्रधान भारत चौधरी, संरक्षक तारा चंद चौधरी, चंदू लाल चौधरी ने मुख्यमंत्री से मांगों को पूरा करने की गुहार लगाई है। मांगों में रिजर्वेशन इन एजूकेशनल इंस्टीट्यूट एक्ट को प्रदेश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में एडमिशन के लिए लागू किया जाए। इसके फलस्वरूप 27 फीसदी आरक्षण दाखिले में दिया जाए। ओबीसी वर्ग को मंडल आयोग की सिफारिशों के अनुरूप नौकरियों में 27 फीसदी आरक्षण मिलना चाहिए। चयन बोर्ड हमीरपुर में ओबीसी वर्ग का एक एक सदस्य मनोनीत होना चाहिए। एमसीआई के लिए 90 सीटें ओबीसी के छात्रों की भरने के लिए सरकार दाखिले से पहले आदेश जारी करें। संघ पदाधिकारियों ने मांगों को पूरा न करने के लिए सरकार के खिलाफ रोष जताया है। उन्होंने कहा कि संघ केवल 93वें संवैधानिक संशोधन और रिजर्वेशन इन एजूकेशन इंस्टीट्यूट एक्ट को लागू करने की मांग कर रहा है। संघ सदस्यों ने कहा है कि अगर सरकार मांगों को पूरा नहीं करती है तो संघ सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर होगा।