हमीरपुर। डॉ. राधकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्रिंसिपल डॉ. अनिल चौहान ने मंगलवार को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर का दौरा कर सुविधाओं का जायजा लिया। डॉ. चौहान ने मेडिकल कॉलेज की कक्षाओं के लिए अधिग्रहित एमपीडब्ल्यू विभाग के भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के भवन की मरम्मत कार्य में जुटी निर्माण एजेंसी को भी कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कॉलेज प्राचार्य ने क्षेत्रीय अस्पताल के धरातल पर पर्ची काउंटर, मेडिकल स्टोर और आपातकालीन वार्ड को लेकर भी अस्पताल की एमएस को उचित दिशा-निर्देश जारी किए। मेडिकल कॉलेज की कक्षाएं अगले सत्र से शुरू होंगी। इसके लिए एमपीडब्ल्यू विभाग की बिल्डिंग को अधिग्रहित किया गया है। वर्न यूनिट और सीएमओ कार्यालय में स्टाफ के बैठने की व्यवस्था की गई है। जोलसप्पड़ में मेडिकल कॉलेज के भवन का निर्माण कार्य भी अगले वर्ष ही शुरू हो पाएगा।