अमर उजाला ब्यूरो
भोटा (हमीरपुर)। नगर पंचायत भोटा के वार्ड-1 में स्लेटपोश रिहायशी मकान ध्वस्त हो गया। इससे करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हलका पटवारी ने मौके पर पहुंच नुकसान का आकलन कर लिया है। पवन कुमार पुत्र मनसा राम बुधवार रात 10 बजे परिवार के साथ घर में खाना खा रहा था। तभी मकान के दूसरे हिस्से से दीवार गिरने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुन परिवार के सभी सदस्य बाहर भागे। उन्होंने देखा कि मकान का एक हिस्सा गिरकर ध्वस्त हो गया था। हादसे में परिवार का दो लाख का नुकसान हुआ है। दीवार गिरने से तीन कमरे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हलका पटवारी ने मौके पर पहुंच नुकसान का जायजा ले लिया। ग्रामीणों ने परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। हलका पटवारी पंखुड़ी वर्मा का कहना है कि उन्होंने नुकसान का जायजा ले लिया है। जल्द ही रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेजी जाएगी।
नपं अध्यक्ष सर्वजीत कौर का कहना है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।