अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। निजी डिपोधारक संघ का प्रतिनिधिमंडल महासचिव अशोक कवि की अध्यक्षता में मांगों को लेकर खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समस्याएं खाद्य आपूर्ति मंत्री के समक्ष रख उन्हें जल्द पूरा करने की मांग की। खाद्य आपूर्ति मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों और समस्याओं को सुना। उनकी समस्याओं और मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। निजी डिपोधारकों की मांग है कि उन्हें एपीएल के राशनकार्ड पर कमीशन तीन फीसदी से बढ़ाकर 20 फीसदी किया जाए। निजी डिपोधारकों को सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए। यदि किसी डिपोधारक की मौत होती है तो डिपो उसके परिवार के पात्र व्यक्ति को ही दिया जाए। निजी डिपो धारकों को निर्धारित वेतनमान दिया जाए। डिपोधारकों को एफएसएसएआई और जीएसटी के दायरे से बाहर रखा जाए। डिपो धारकों के लिए शॉर्टेज का भी प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो पांच हजार डिपो धारकों को डिपो छोड़ने को मजबूर होना पड़ेगा। संघ ने खाद्य आपूर्ति मंत्री को प्रदेश स्तरीय बैठक में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने का भी निमंत्रण दिया। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में सुदर्शन शर्मा, रामपाल, रमेश चंद, कुलदीप चंद, संजीव पुरी, संजय, देशराज, अशोक कुमार मौजूद रहे।