अमर उजाला ब्यूरो
अवाहदेवी (हमीरपुर)। कोट लांगसा और समीरपुर पंचायत के करीब आधा दर्जन लोगों को छह माह से सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं मिल रही है। इस कारण इन असहाय पेंशनभोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेंशनभोगियों में कुछ दिव्यांग भी हैं। इस कारण वे बार-बार विभाग के चक्कर नहीं काट सकते हैं। पहले इन लोगों को पेंशन मनी ऑर्डर से मिला करती थी। करीब तीन माह पहले इन भोगियों ने अपने-अपने दस्तावेज बैंक खाता नंबर सहित विभाग के पास जमा करवा दिए। इसके बावजूद इन लोगों के बैंक खाते में पेंशन जमा नहीं हो रही है। कागजी कार्रवाई को पूरा करने के बावजूद छह माह से असहाय लोगों की पेंशन रुकी हुई है। पेंशनर हफ्ते में दो से तीन बार बैंकों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन उनकी पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है। ग्राम पंचायत कोट लांगसा के सोम नाथ, कृष्णी देवी, पुष्पा देवी, समीरपुर की गुड्डी देवी ने विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर रोष जताया है। उनका कहना है कि विभाग ने बीते छह माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन उन्हें नहीं दी है। इस कारण उन्हें अपना खर्च निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से पेंशन का भुगतान समय पर करने की अपील की है। जिला कल्याण अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा का कहना है कि मनी ऑर्डर से पेंशन भेजना बंद कर दी है। जिनके बैंक खाते कार्यालय में पहुंच गए हैं, उनके खातों में पेंशन भेज दी गई है।