अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत ग्राम पंचायत अणू में विभिन्न विभाग 89 विकास कार्य करेंगे। इन विकास कार्यों से पंचायत का कायाकल्प किया जाएगा। सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत अणू पंचायत को 1.49 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। 1.49 करोड़ से पंचायत में विकास कार्य किए जाएंगे। सांसद अनुराग ठाकुर ने अणू पंचायत को सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिया है। पंचायत में इस माह से विकास कार्य शुरू हो जाएंगे। 89 विकास कार्यों के तहत पंचायत में वाटर हार्वेस्टिंग टैंक, सोलर लाइटें, पौधरोपण, सड़क और रास्तों का निर्माण, वाई-फाई सुविधा, हेल्थ कार्ड, जन-धन योजना में खाते जोड़ना, पशुओं के हेल्थ कार्ड, कृषि की नई तकनीकों समेत पंचायत में 89 विकास कार्य किए जाएंगे। पंचायत में विभिन्न विभागों में से लोनिवि के लिए 3.72 लाख रुपये, आईपीएच विभाग के लिए 7.28 लाख रुपये, स्वास्थ्य विभाग के लिए 29 हजार रुपये, शिक्षा के लिए 85 हजार रुपये, हिम ऊर्जा विभाग के लिए 4 लाख रुपये, कृषि के लिए 6.41 लाख रुपये, ग्रामीण विकास अभिकरण के लिए 62 लाख रुपये, बीएसएनएल के लिए छह लाख रुपये, उद्यानिकी के लिए एक लाख रुपये एवं चौदहवें वित्तायोग के तहत 23.86 लाख रुपये जारी किए गए हैं। सभी विभाग इस बजट से पंचायत में विभिन्न कार्य करवाएंगे। उपनिदेशक डीआरडीए संजीत ठाकुर का कहना है ग्राम पंचायत अणू में सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत 1.49 करोड़ से 89 विकास कार्य किए जाएंगे। पंचायत में विकास कार्य इस माह से शुरू कर दिए जाएंगे।