अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर।
जिला हमीरपुर में सोमवार को दिन भर बादल छाए रहे जिसके चलते सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। दिनभर रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी होती रही। हालांकि, भारी बारिश नहीं हुई लेकिन बूंदाबांदी और बदलों से तापमान में अच्छी-खासी गिरावट आ गई जिससे लंबे समय से चल रही गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, फसलों के लिए भी यह बारिश वरदान साबित हो रही है। किसानों ने अपने खेतों में मक्की के अलावा सब्जियां लगाई हैं लेकिन बारिश न होने से मक्की की फसलें प्रभावित हो रही थीं। इस बारिश से फसलों को संजीवनी मिल गई है। पिछले दो दिन से खराब मौसम के कारण लोगों को भी परेशानी हो रही है। धूप नहीं खिलने से कपड़ों को सुखाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। किसानों राम लाल, पुरुषोत्तम लाल, अनिरुद्ध सिंह, सूरज कुमार और पृथ्वी चंद ने कहा कि बारिश से मक्की की सूख रही फसलों का काफी राहत मिली है।