अमर उजाला ब्यूरो
सुजानपुर (हमीरपुर)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड सुजानपुर की बैठक अध्यक्ष रणवीर ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर संघ ने सरकार से अपनी प्रमुख मांगों और समस्याओं के हल की मांग की। संघ के अध्यक्ष ने कहा कि खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सुजानपुर के कार्यालय में अधीक्षक ग्रेड-2 के तीन पर, वरिष्ठ सहायक के पांच पद और लिपिक के छह पद अरसे से रिक्त हैं। उन्होंने सरकार से इन पदों को जल्द भरने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में होने वाले जेबीटी साक्षात्कार की चयन समितियों में खंड प्रारंभिक अधिकारियों की भागीदारी तय हो। खंड सुजानपुर मे रिक्त पड़े जेबीटी के 15 पदों को जल्द भरा जाए। खंड में रिक्त पड़े 20 जलवाहकों के पदों को भी जल्द भरा जाए। साथ ही संघ ने मांग उठाई कि चुनावों में खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी अधिकृत सूची के आधार पर ही ड्यूटी लगाएं। वरिष्ठता सूचियों में चली आ रही त्रुटियों का शीघ्र ही निपटारा किया जाए। 2003 से सेवारत अध्यापकों को पुरानी पेंशन स्कीम में लाने, अनुदान राशियों का आवंटन स्कूल भवन के आधार पर करने, पैट अध्यापकों के लिए अलग तबादला नीति बनाने जैसी मांगों को पूरा करने की मांग प्रदेश सरकार से उठाई है। इस मौके पर अनिल राणा, विजय राणा आदि मौजूद रहे।