हमीरपुर। भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विशाल पठानिया ने कहा कि प्रदेश में जब से कांग्रेस पार्टी की सरकार ने सत्ता की बागडोर संभाली है, उसी समय से सरकार ने हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार को चरम सीमा तक पहुंचाकर प्रदेश को शर्मसार किया है। वर्तमान में शिक्षा और स्वास्थ्य का स्तर भी निम्न स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर प्रदेश सरकार की लापरवाही से इतना गिर चुका है कि विद्यार्थियों का मन स्कूल शिक्षा बोर्ड से उठने लगा है। हाल ही में परिणामों में हुई गलती बोर्ड की लापरवाही को साफ तौर पर उजागर करती है। स्वास्थ्य सेवाएं भी बदहाल हैं। जनता को धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल करके डॉक्टरों के खाली पड़े पदों को सरकार को भरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जिला स्तर के अस्पतालों में डॉक्टरों के तबादलों का दौर जारी है। पठानिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इस कार्यकाल में विकास के नाम पर प्रदेश को दोनों हाथों से बुरी तरह से लूटा है।