अमर उजाला ब्यूरो
बड़सर/नादौन/बिझड़ी/हमीरपुर। उपमंडल के समताना शिवपुरी धाम में गुरु पूर्णिमा श्रद्धा-उल्लास के साथ मनाई गई। सैकड़ों गुरु भक्तों ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में गुरु चरणों में हाजिरी भरी। समताना शिव मंदिर में सैकड़ों की संख्या में उमड़े शिव भक्तों ने इस अवसर पर अध्यात्मिक गुरु और महामृत्युंजय संस्था के संस्थापक स्वामी शेखर सुमन से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में हमीरपुर के साथ ही दिल्ली, कांगड़ा, शिमला और कई अन्य स्थानों से गुरु भक्त पहुंचे। इस अवसर आचार्य केशव, डीएसपी हरि सिंह चंदेल, आचार्य सुदर्शन, आचार्य मनोज और महामृत्युंजय संस्था के महासचिव पूर्व प्रधान जनक सिंह ढटवालिया ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में शिव वंदना के बाद भंडारा लगाया गया। धार्मिक स्थल निर्भय जी आकाशी मार्ग कोटला चिल्लियां में भी गुरु पूर्णिमा पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हिमाचल सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड व दिल्ली जैसे प्रदेशों से श्रद्धालुओं ने आकर संत सम्मेलन में भाग लिया। साध्वी मुक्ताबाई के सानिध्य में हुए इस कार्यक्रम में आयोजकों पंकु, अंशुल, निखिल, विशाल, राम कुमार, मंजीत, हनी, सन्नी, सोनू ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। श्री श्री रविशंकर के अनुयायियों ने श्री श्री ज्ञान मंदिर नादौन में गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाया। इस अवसर पर प्रचारिका विजय लक्ष्मी ने उपस्थित लोगों को गुरु की महत्व के बारे में बताया। उत्तर भारत के प्रसिद्ध सच्ची सरकार सिद्धचानो मंदिर समैला में गुरु पूर्णिमा धूमधाम से मनाई गई। भक्तों ने बाबा के दर्शनों के बाद महंत चमन लाल से भी आशीर्वाद प्राप्त किया। शनिवार शाम से ही समैला मंदिर में पंजाब से भक्त पहुंचना शुरू हो गए थे।