अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र कुमार ने कहा कि अप्रैल से हमीरपुर की उचित मूल्य की दुकानों में राशनकार्ड धारकों को डिजिटल राशन कार्ड बांटे जा रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने डिजिटल राशनकार्ड उचित मूल्य की दुकानों से प्राप्त नहीं किए हैं, वे अपना राशन कार्ड दो दिन के भीतर प्राप्त कर लें। पहली अगस्त को डिपो होल्डर शेष राशनकार्डों को खंड निरीक्षकों को वापस कर देंगे। पहली अगस्त के बाद उपभोक्ताओं को डिजिटल राशन कार्ड लेने को खंड निरीक्षक कार्यालय में जाना पड़ेगा। जिन उपभोक्ताओं के राशन कार्डों में त्रुटियां रह गई हैं, वे इसके सुधार के लिए डिपो में पहुंचकर फार्म भरें। इसे डिपो होल्डर संबंधित निरीक्षक के पास पहुंचा देंगे। इसके बाद संबंधित त्रुटियों को सॉफ्टवेयर पर भी अपडेट कर दिया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं ने राशन कार्ड के साथ आधार नंबर, बैंक अकाउंट नंबर और मोबाइल नंबर नहीं भरे हैं, वे विभाग की वेबसाइट पर जाकर अपना आधार, बैंक अकाउंट, मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर के सभी डिपो होल्डर को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार पाने का मौका है। इसके लिए उन्हें राशन केवल पीओएस मशीन से ही देना है। प्रथम रहने वाले डिपो होल्डर को पांच हजार, द्वितीय को तीन हजार और तीसरे स्थान के डिपो होल्डर को दो हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने सभी डिपो होल्डरों से 31 जुलाई तक जीएसटी नंबर लेना सुनिश्चित करने की अपील की है।